Edited By Urmila,Updated: 24 Mar, 2026 10:50 AM

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने दुकान के कर्मचारियों को पनीर में मिला बाल दिखाया, तो गलती स्वीकार करने या माफी मांगने के बजाय स्टाफ ने उनसे बहस शुरू कर दी।
जालंधर : जालंधर के जोहल मार्केट में स्थित मशहूर सोया ट्रीट शॉप में उस समय हंगामा हो गया, जब एक ग्राहक को सोया पनीर के पैकेट में बाल मिला। घटना के बाद बाजार में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी वनी ने उक्त दुकान से सोया पनीर खरीदा था। घर पहुंचकर जब उन्होंने पैकिंग खोली, तो पनीर के टुकड़ों के बीच एक बाल फंसा हुआ मिला। स्वच्छता में लापरवाही देखकर वनी तुरंत शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने दुकान के कर्मचारियों को पनीर में मिला बाल दिखाया, तो गलती स्वीकार करने या माफी मांगने के बजाय स्टाफ ने उनसे बहस शुरू कर दी। वनी का कहना है कि कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदतमीजी की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।
प्रशासन से जांच की मांग
घटना से आहत ग्राहक वनी ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुकान के स्टॉक और रखरखाव की जांच की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि नामी दुकानों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। खाने-पीने की चीजों में गंदगी मिलना न केवल उपभोक्ताओं के साथ धोखा है, बल्कि सेहत के लिए भी गंभीर खतरा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here