Edited By Vatika,Updated: 23 Mar, 2026 11:29 AM

अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा (45) की मौत के
पंजाब डेस्कः अमृतसर में वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। आज परिवार की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए गए और मीडिया के सामने एक CCTV वीडियो भी पेश किया गया। वीडियो में गगनदीप सिंह कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ लेते दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और संदिग्ध बन गया है।
परिवार का कहना है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग की है। परिजनों के अनुसार, गगनदीप सिंह ने पहले भी कई उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायतें भेजी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में परिवार ने मीडिया के सामने दस्तावेज भी पेश किए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवार ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि जब वे डीसी से मिले तो उन्होंने शिकायत मिलने से इनकार कर दिया, जबकि परिवार के पास इसके सबूत मौजूद हैं। वहीं, पुलिस जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि काफी समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के परिवार ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि इस समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे अपने बच्चों सहित सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण होगा और वे कानूनी तरीके से ही न्याय चाहते हैं।
परिवार ने यह भी बताया कि गगनदीप सिंह ने अपने आखिरी समय में दोस्तों से बातचीत में कहा था कि उनकी कुर्बानी व्यर्थ न जाने दी जाए। इस बयान से मामला और भावुक हो गया है। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और लोगों से अपील की गई कि वे इस मुश्किल घड़ी में परिवार का साथ दें। फिलहाल, प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून अपना काम कर रहा है। लेकिन परिवार इस जवाब से संतुष्ट नहीं है और जल्द न्याय की मांग कर रहा है। यह मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।