महानगर में फर्जी नाके का भंडाफोड़, पैसे लेते पकड़ा गया PAP में तैनात कर्मी

Edited By Urmila,Updated: 23 Mar, 2026 12:05 PM

pap personnel caught taking money at fake checkpoint

जालंधर के नकोदर रोड पर फर्जी नाके लगाकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।

जालंधर : जालंधर के नकोदर रोड पर फर्जी नाके लगाकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। इस दौरान लोगों ने एक ऐसे युवक को पकड़ लिया, जो खुद को पुलिस कर्मी बताकर वाहन चालकों से पैसे मांग रहा था। जांच में सामने आया कि पकड़ा गया युवक पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) में तैनात है।

जानकारी के अनुसार, नकोदर रोड पर लगाए गए इस फर्जी नाके पर एक प्रवासी व्यक्ति को रोका गया, जिससे कथित तौर पर 700 रुपये की मांग की गई। पीड़ित का आरोप है कि न सिर्फ उससे पैसे मांगे गए, बल्कि उसके दस्तावेज भी जांच के नाम पर खंगाले गए। मामला सामने आते ही वहां मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर थाना लांबड़ा की पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल ड्रेस में पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थिति संभाली और युवक को काबू में लिया। बताया गया कि आरोपी का एक साथी I-20 कार में मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

fake naka

घटना के दौरान आरोपी पहले अपनी गलती स्वीकार करता नजर आया, लेकिन बाद में उसने कहानी बदलते हुए दावा किया कि वह एक बाइक सवार को पकड़ने आया था। आरोपी के लगातार बयान बदलने से लोग भड़क गए, जिसके बाद वह मुंह छिपाता हुआ दिखाई दिया। एक निहंग सिंह ने आरोप लगाया कि युवक फर्जी नाका लगाकर वाहन चालकों से दस्तावेज मांग रहा था और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि उनके पास सभी वैध दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें भी रोका गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हालात बिगड़ने पर लोगों ने आरोपी की छित्तर परेड भी की, जिसके बाद पुलिस ने उसे सरकारी वाहन में बैठाकर थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की घटनाएं पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी तरह का एक मामला सामने आ चुका है, जब एक नेता की सुरक्षा में तैनात कर्मी पर फर्जी नाका लगाकर पैसे मांगने के आरोप लगे थे, जिस पर उच्च अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!