Edited By Kalash,Updated: 22 Mar, 2026 05:07 PM

नारकोटिक्स सेल की कस्टडी में जम्मू से लाए गए एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।
अमृतसर (रमन): नारकोटिक्स सेल की कस्टडी में जम्मू से लाए गए एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। इसे लेकर परिवार द्वारा गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर अधिकारियों का कहना है कि मामला NCB से संबंधित है और मामले की जांच जारी है। वह मौत के असल कारणों की पुष्टि के लिए वेरिफिकेशन कर रहे हैं।
परिवार के सदस्यों के अनुसार मृतक युवक जसविंदर सिंह उर्फ सनी को 3 तारीख को जम्मू में नारकोटिक्स सेल द्वारा हिरासत में लिया गया था। परिवार का आरोप है कि उस दिन से लेकर 14 दिनों तक न तो उन्हें कोई जानकारी दी गई और न ही मुलाकात करने की इजाजत मिली। उन्होंने कहा कि न कोई अधिकारी घर आया और न ही किसी तरह की कोई सूचना दी गई।
परिवार ने बताया कि अचानक सुबह 2 बजे उन्हें फोन आया कि सन्नी बीमार है और उसे अमृतसर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। लेकिन जब उन्होंने और जानकारी लेने की कोशिश की, तो कोई सही जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा कॉल किया तो बताया गया कि सन्नी की मौत हो गई है।
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि सन्नी को बेरहमी से मारा गया। उन्होंने कहा कि शरीर पर निशान साफ दिख रहे थे और उसकी हालत देखकर लग रहा था कि कस्टडी में उसके साथ बुरा बर्ताव किया गया था। परिवार ने यह भी कहा कि सनी BSF में ड्यूटी पर तैनात था और बेगुनाह था।
इसके साथ ही परिवार ने यह भी कहा कि उनके बेटे पर पाकिस्तान या अफगानिस्तान से संबंधित होने का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई सही सबूत नहीं दिया गया। उनका कहना है कि अगर कोई आरोप था, तो कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी। फिलहाल, अधिकारी कह रहे हैं कि मामले की जांच चल रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है। दूसरी ओर दुखी परिवार ने इनसाफ की मांग की है और कहा है कि उनके बेगुनाह बेटे के लिए सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here