Edited By Kamini,Updated: 18 Apr, 2026 06:49 PM

शहर में बेखौफ लुटेरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है।
लुधियाना (राज): शहर में बेखौफ लुटेरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। शातिर लुटेरों ने 'गंगानगर ग्रुप' के शराब ठेकों को निशाना बनाया है। दुगरी थाना के अंतर्गत आती विशाल नगर कॉलोनी में शुक्रवार रात बाइक सवार 3 लुटेरों ने शराब ठेकेदार के कर्मचारी से नकदी से भरा बैग जबरदस्ती छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 22.15 लाख रुपए कैश था। तय घटना पास ही लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। थाना दुगरी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गुरुदेव नगर निवासी शिवकरण सिंह बिसला ने बताया कि वह शराब के ठेकों में पार्टनर हैं। बीती रात करीब 10:15 बजे उनका कर्मचारी और ठेकों का इंचार्ज हरदीप सिंह उर्फ हैप्पी अपनी महिंद्रा बोलेरो कैंपर गाड़ी (PB-10-JZ-5285) में ठेकों से इकट्ठा किया गया कैश लेकर विशाल नगर स्थित दफ्तर (मकान नंबर 1081/01) जा रहा था। जैसे ही हैप्पी दफ्तर के बिल्कुल सामने पहुंचा, पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 3 अज्ञात युवकों ने हमला बोल दिया। लुटेरों ने झपट्टा मारकर कैश वाला बैग जबरदस्ती छीन लिया और गलियों के रास्ते रफूचक्कर हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना दुगरी और चौकी एस.बी.एस. नगर की पुलिस सक्रिय हो गई। एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि शिवकरण सिंह के बयानों के आधार पर 3 अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि कैश की सटीक मात्रा का खुलासा अभी नहीं किया गया है, जिसकी डिटेल पीड़ित पक्ष बाद में पुलिस को सौंपेगा। पुलिस की टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों के भागने के रूट और मोटरसाइकिल के नंबर का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here