Edited By Subhash Kapoor,Updated: 15 Apr, 2026 09:36 PM

शहर के हरनाम दासपुरा इलाके में एक हैरान कर देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल की दुकान पर बैठी युवती को निशाना बनाकर तीन लुटेरे ₹1 लाख 8 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी...
जालंधर : शहर के हरनाम दासपुरा इलाके में एक हैरान कर देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल की दुकान पर बैठी युवती को निशाना बनाकर तीन लुटेरे ₹1 लाख 8 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, लुटेरों ने पहले दुकान की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक उपेंद्र ने बताया कि शाम के समय दो युवक टिकट पूछने के बहाने दुकान पर आए और कुछ देर बाद चले गए। इसके बाद वे दोबारा लौटे। इस बार एक युवक दुकान के अंदर आया जबकि दो बाहर खड़े रहे।
अंदर आए युवक ने टिकट के बारे में बातचीत शुरू की और मौके का फायदा उठाते हुए काउंटर के पीछे जाकर युवती पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने तिजोरी से नकदी निकाली और तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसीपी अजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना शाम 6:22 बजे मिली थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी करीब 3:30 बजे दुकान पर आए थे और उस समय उनके चेहरे मास्क से ढके हुए थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

