Punjab : PSPCL के बिजली घर में लगी भीषण आग, आधे से ज्यादा शहर की बिजली गुल

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 27 May, 2026 11:45 PM

massive fire breaks out at pspcl power station

शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब PSPCL के 132 केवी सब-स्टेशन स्थित बिजली घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुआं फैल गया और आधे से ज्यादा शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। घटना के बाद  कई इलाकों में अंधेरा...

कपूरथला : शहर में PSPCL के 132 केवी सब-स्टेशन स्थित बिजली घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुआं फैल गया और आधे से ज्यादा शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। घटना के बाद कई इलाकों में अंधेरा छा गया।

जानकारी के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। बिजली कर्मचारियों ने सबसे पहले एहतियात के तौर पर कई फीडरों की सप्लाई बंद की, ताकि बड़ा हादसा होने से रोका जा सके। इसके चलते शहर के कई रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों की बिजली अचानक गुल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। वहीं बिजली विभाग की टीमें भी लगातार आग बुझाने और बिजली सप्लाई बहाल करने में जुटी रहीं। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। बिजली सप्लाई बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के मौसम में बिजली कट लगने से घरों, दुकानों और छोटे कारोबारों पर भी असर पड़ा। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित होने की खबर है।

PSPCL अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और जल्द से जल्द बिजली सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल तकनीकी टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा के मद्देनजर सब-स्टेशन के आसपास न जाएं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!