Edited By Subhash Kapoor,Updated: 01 Nov, 2026 09:09 PM

महानगर के गणेश नगर इलाके में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी पर हमले की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। रिटायर्ड AIG गुरनाम सिंह पर उनके पड़ोसी द्वारा साथियों के साथ मिलकर हमला करने के आरोप लगे हैं। इस पूरी वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ...
जालंधर: महानगर के गणेश नगर इलाके में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी पर हमले की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। रिटायर्ड AIG गुरनाम सिंह पर उनके पड़ोसी द्वारा साथियों के साथ मिलकर हमला करने के आरोप लगे हैं। इस पूरी वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ लोग उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर करीब 3:40 बजे गुरनाम सिंह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान आरोप है कि उनके पड़ोसी कुलवंत राय ने 4 से 5 साथियों के साथ वहां पहुंचकर उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास हथियार भी थे। घटना के समय रिटायर्ड AIG की पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं।
हमले की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आई फुटेज में 4 से 5 व्यक्ति रिटायर्ड अधिकारी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद गुरनाम सिंह ने थाना रामा मंडी में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।