Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Oct, 2026 05:26 PM

महानगर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पॉश इलाके आदर्श नगर से सामने आया है, जहां जनरेटर ठीक करने पहुंचे मैकेनिक की बाइक चोर लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने महज 20 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया और किसी को...
जालंधर : महानगर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पॉश इलाके आदर्श नगर से सामने आया है, जहां जनरेटर ठीक करने पहुंचे मैकेनिक की बाइक चोर लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने महज 20 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी पैदल मौके पर पहुंचा और बड़ी चालाकी से बाइक लेकर निकल गया। उसकी गतिविधियां देखकर ऐसा प्रतीत होता है, मानो वह अपनी ही बाइक लेकर जा रहा हो। फुटेज में चोर का चेहरा भी साफ दिखाई देने की बात सामने आई है, जिससे आरोपी की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
पीड़ित अखिलेश ने बताया कि वह सोढल से आदर्श नगर में जनरेटर ठीक करने के लिए आया था। जनरेटर स्टार्ट नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसे मौके पर बुलाया गया था। इसी दौरान चोर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना नंबर-2 की पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसे जल्द काबू किया जा सकता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।