Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Oct, 2026 07:05 PM

पंजाबी गायक रंजीत बावा आज परविंदर सिंह ‘झोटा’ के परिवार से मिलने मानसा पहुंचे। इस दौरान झोटा के पिता भीम सिंह के साथ उनकी बातचीत चर्चा में आ गई। भीम सिंह ने बावा से मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर सवाल किया, जिस पर गायक ने साफ...
मानसा: पंजाबी गायक रंजीत बावा आज परविंदर सिंह ‘झोटा’ के परिवार से मिलने मानसा पहुंचे। इस दौरान झोटा के पिता भीम सिंह के साथ उनकी बातचीत चर्चा में आ गई। भीम सिंह ने बावा से मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर सवाल किया, जिस पर गायक ने साफ कहा कि उनका कनेक्शन लोगों से है, सरकार से नहीं।
रंजीत बावा ने कहा कि वह एक कलाकार हैं और जो उन्हें बुलाता है, वह वहां जाते हैं। वह लोगों के लिए गाते हैं, न कि किसी सरकार के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी राजनीतिक दबाव में काम नहीं करते और उनका काम एक कलाकार के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाना है।
उन्होंने संगरूर के लहरागागा में हुए सड़क हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें कई मजदूरों की जान चली गई थी। बावा ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने अपना शो रद्द कर दिया था। उन्होंने कहा कि पंजाब में होने वाली घटनाएं और समस्याएं पूरे समाज को प्रभावित करती हैं।
परविंदर सिंह झोटा की मौत को पंजाब के लिए बड़ी त्रासदी बताते हुए रंजीत बावा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने गांवों में नशा तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने गांवों में कमेटियां बनाकर नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी जुटाने और नशा तस्करों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने की अपील भी की।