Edited By Vatika,Updated: 17 Oct, 2026 02:56 PM

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अब देश की
मानसा: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अब देश की संसद में भी उठाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए संसद से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ेगी और इस मामले को पूरी गंभीरता से उठाएगी। यह ऐलान पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मानसा में झोटा की हत्या के विरोध में चल रहे धरने में शामिल होते हुए किया।
परविंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ दुख साझा करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले व्यक्ति के साथ हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाना केवल परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह पंजाब के भविष्य और युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की लड़ाई भी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस घटना से काफी दुखी हैं। वह उनसे मुलाकात कर मानसा की स्थिति और पीड़ित परिवार की मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। उन्होंने भरोसा दिया कि कांग्रेस सांसदों और विपक्षी दलों के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस मामले में इंसाफ की मांग उठाई जाएगी।
पंजाब में नशे की समस्या पर जताई चिंता
सचिन पायलट ने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे ने राज्य के कई परिवारों को उजाड़ दिया है। चिट्टे जैसे घातक नशे के कारण माता-पिता के सपने टूट रहे हैं और युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि परविंदर सिंह झोटा की ओर से नशे के खिलाफ आवाज उठाने के संदर्भ में हुई इस घटना की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। मामले में इंसाफ सुनिश्चित करने के साथ-साथ नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए भी ठोस कदम उठाने होंगे।
चिट्टे का खात्मा ही झोटा को सच्ची श्रद्धांजलि: परगट सिंह
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रगट सिंह ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि पंजाब से चिट्टे का खात्मा किया जाए और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए समाज, सरकार और प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि जब भी परिवार मदद के लिए आवाज देगा, वह उनके साथ खड़े रहेंगे। नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई में भी कांग्रेस पार्टी पूरा सहयोग देगी।