Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Oct, 2026 06:50 PM

मोहाली के जीरकपुर स्थित बलटाना में पूर्व पार्षद एवं रियल एस्टेट कारोबारी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।
मोहाली/जालंधर: मोहाली के जीरकपुर स्थित बलटाना में पूर्व पार्षद एवं रियल एस्टेट कारोबारी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीनों को जालंधर के गोराया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जांच के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 2:17 बजे हमलावरों ने पूर्व पार्षद के घर के बाहर लगातार 8 राउंड फायरिंग की थी। आरोपियों ने वारदात के दौरान इसका लाइव वीडियो भी बनाया था। घटना के बाद पीड़ित परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी भरे फोन भी आए थे।
तीनों आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (32), निवासी जालंधर, शामिल है, जो पेशे से ड्राइवर है। दूसरा आरोपी मनराज सिंह उर्फ मन्ना (21) है, जो हाल ही में कनाडा से वापस लौटा था। तीसरा आरोपी राजवीर सिंह (18) है, जो बेरोजगार बताया जा रहा है।