Edited By Kamini,Updated: 16 Oct, 2026 11:13 AM

FBI की मोस्ट वांटेड फ्रॉड लिस्ट में शामिल 64 साल के भारतीय मूल के किराना स्टोर के मालिक मंजीत सिंह बेदी को भारत में गिरफ्तार होने के बाद US डिपोर्ट कर दिया गया है।
पंजाब डेस्क: FBI की मोस्ट वांटेड फ्रॉड लिस्ट में शामिल 64 साल के भारतीय मूल के किराना स्टोर के मालिक मंजीत सिंह बेदी को भारत में गिरफ्तार होने के बाद US डिपोर्ट कर दिया गया है। आरोपी जालंधर में छिप कर बैठा था। अमेरिका में करीब 6 लाख डॉलर (लगभग 5.6 करोड़ रुपये) के सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP) घोटाले में वांछित मनजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार कर अमेरिका के हवाले कर दिया गया है।
पंजाब पुलिस और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। बेदी पर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निर्धारित खाद्य सहायता राशि में धोखाधड़ी करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, मनजीत सिंह बेदी अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के टकोमा शहर में एक ग्रोसरी स्टोर चलाता था। उसके खिलाफ वायर फ्रॉड से जुड़ा मामला दर्ज है। अप्रैल 2026 में अमेरिकी अदालत में पेशी के दौरान उसने खुद को निर्दोष बताया था। इसके बाद वह कथित तौर पर जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर कनाडा के रास्ते भारत आ गया और जालंधर में छिपकर रहने लगा।
मामले में FBI ने 3 सितंबर 2026 को बेदी को अपनी ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ सूची में शामिल किया था। इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई। सूचना मिलने पर जालंधर पुलिस और भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि 15 अक्टूबर को बेदी को अमेरिकी एजेंटों के हवाले कर दिया गया। इसके बाद उसे वाशिंगटन के वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ले जाया गया है। अब टकोमा स्थित अमेरिकी जिला अदालत में उसके खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।
FBI डायरेक्टर काश पटेल और अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने बेदी के प्रत्यर्पण की पुष्टि की है। उन्होंने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए पंजाब पुलिस और भारतीय एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। बेदी के अमेरिका पहुंचने के बाद इस संबंध में प्रेस रिलीज भी जारी की गई। आरोपी पर लगे आरोपों की सुनवाई अमेरिकी अदालत में होगी। मामले में उसकी दोषसिद्धि अदालत के फैसले पर निर्भर करेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here