Edited By Kamini,Updated: 13 Oct, 2026 11:52 AM

जालंधर के एक मेडिकल स्टोर पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की रेड होने की खबर सामने आई है।
जालंधर (सोनू) : जालंधर के एक मेडिकल स्टोर पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की रेड होने की खबर सामने आई है। बस्ती बावा खेल अड्डा के पास स्थित आनंद मेडिकल स्टोर व प्रभजोत मेडकिल स्टोर पर आज सुबह ड्रग इंस्पेक्टर अमित बांसल और पुलिस की टीम ने रेड की। इस दौरान मौके पर एसीपी आतिश भाटिया, एसएचओ संजीव सूरी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर ने साथ मिलकर मेडिकल स्टोर के बाद दुकान संचालक आनंद के घर पर भी दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने बाप-बेटे को काबू कर लिया है। इस पूरे मामले संबंधी जानकारी देते हुए एसीपी आतिश भाटिया ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युद्ध नशे के विरुद्ध चलाई गई मुहिम को लेकर आज मीटिंग के दौरान उन्हें बस्ती बावा खेल की दुकान पर नशीली गोलियां बेचने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को दवाईयां लेने के भेजा। ग्राहक बनकर मेडिकल स्टोर पर पहुंचा व्यक्ति एक हजार रुपए की नशीली दवाईयां लेकर आया।

इसके बाद बस्ती बावा खेल थाना, थाना 5 और ड्रग इंस्पेक्टर टीम के साथ मिलकर रेड की तो मौके पर टीम ने देखा कि दुकानदार नशीली गोलियों को पत्ते से निकालकर किसी अन्य डिब्बे में खुली गोलियां डालकर उसे बेच रहा था। ऐसे में ड्रग इंस्पेक्टर टीम के साथ गोलियों को बरामद किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य दुकानदार के ठिकानों पर रेड की जा रही है। एसीपी आतिश भाटिया ने कहा कि अब तक 100 से अधिक नशीली गोलियां बरामद हो चुकी है। उन्होंने बताया कि, पहले भी दुकान पर रेड की गई थी और दुकानदार को जेल भेजा गया था, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से नशीली गोलियां बेचने का काम शुरू कर दिया। एसीपी ने कहा कि दुकानदार का लाइसेंस रद्द करवाने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर की टीम को चिट्ठी लिखेंगे और दुकान को सील किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here