Edited By Kalash,Updated: 10 Oct, 2026 09:45 AM

जिस समय पुलिस ने रेड की तब दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी।
जालंधर (वरुण): थाना 3 की पुलिस ने शहर में चल रहे फर्जी सरकारी लॉटरी के धंधे का पर्दाफाश करते हुए मास्टर माइंड हरविंदर सिंह मोनू, उसके भाई हरजीत सिंह समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों भाई लंबे समय से फर्जी लॉटरी और दड़े-सट्टे का धंधा कर रहे थे। पुलिस ने सभी खिलाफ केस दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी दिखा दी है।
थाना तीन के प्रभारी जगदीश लाल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि फगवाड़ा गेट में दो सगे भाई पंजाब सरकार की नकली लॉटरी का धंधा कर रहे हैं और भोले-भाले लोगों से ठगी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए फगवाड़ा गेट में गली के अंदर से चलाए जा रहे इस फर्जीवाड़े के धंधे पर रेड कर दी। जिस समय पुलिस ने रेड की तब दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी। पुलिस ने मौके से हरविंदर सिंह मोनू, उसके भाई हरजीत सिंह, नौकर विपिन दुआ, रवि और संजय को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि पुलिस ने ग्राहकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। थाना प्रभारी जगदीश लाल ने कहा कि मौके से लैपटॉप, प्रिंटर, रिकार्ड और 42 हजार रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोनू पिछले लंबे समय से फर्जी लॉटरी और दड़े सट्टे का धंधा कर रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here