Edited By Kalash,Updated: 03 Oct, 2026 10:47 AM

गुलाब देवी रोड पर अगस्त माह में आशीर्वाद देने के बहाने ब्यूटी पार्लर संचालिका के कानों से सोने के टॉप्स झपटने वाले फर्जी बाबाओं के गिरोह के एक सदस्य को थाना नंबर-1 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जालंधर (वरुण): गुलाब देवी रोड पर अगस्त माह में आशीर्वाद देने के बहाने ब्यूटी पार्लर संचालिका के कानों से सोने के टॉप्स झपटने वाले फर्जी बाबाओं के गिरोह के एक सदस्य को थाना नंबर-1 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त को विंडसर पार्क, गुलाब देवी रोड निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका अनुराधा सैनी अपनी सहेली के साथ सब्जी खरीदने आई थी। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। कार सवार युवक ने उन्हें बाबा के बहुत पहुंचे हुए होने की बात कहकर आशीर्वाद लेने के लिए बुलाया। कार में बैठे फर्जी बाबा ने अनुराधा को 500 रुपए का नोट देते हुए आशीर्वाद देने के बहाने उनके कानों से सोने के टॉप्स झपट लिए थे।
अनुराधा ने विरोध किया तो आरोपियों ने कार भगा दी। इस दौरान वह कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटती चली गईं। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर इस्तेमाल कार बरामद कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस ने विशाल उर्फ पाला निवासी संतोखपुरा की पहचान की, जो फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here