Edited By Subhash Kapoor,Updated: 10 Oct, 2026 12:27 AM

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को अपनी बीमार मां से मिलने के लिए 6 घंटे की पैरोल मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। हालांकि, पैरोल को लेकर...
पंजाब डैस्क : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को अपनी बीमार मां से मिलने के लिए 6 घंटे की पैरोल मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। हालांकि, पैरोल को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इससे पहले हवारा को अपनी गंभीर रूप से बीमार मां से मिलने के लिए पुलिस सुरक्षा के साथ कस्टडी पैरोल दी गई थी। लेकिन उसने सुरक्षा घेरे में मां से मिलने जाने से इनकार कर दिया था। हवारा सामान्य पैरोल चाहता था, जबकि जेल अधिकारियों का कहना था कि हाई-रिस्क कैदी होने के कारण उसकी सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती जरूरी है।
CM भगवंत मान ने भी की थी पैरोल की सिफारिश
इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की सिफारिश की थी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया था कि पैरोल मिलने की स्थिति में पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी।
1995 के बेअंत सिंह हत्याकांड में काट रहा सजा
31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ सिविल सचिवालय के बाहर हुए बम धमाके में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह समेत 17 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में हवारा को वर्ष 2007 में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसे 2010 में हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था। हवारा लंबे समय से जेल में बंद है। अब अपनी बीमार मां से मुलाकात के लिए संभावित पैरोल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।