Edited By Vatika,Updated: 16 May, 2026 02:54 PM

शहर के रैणक बाजार स्थित AC मार्केट में उस समय भगदड़ जैसे हालात बन गए, जब मार्केट के बेसमेंट
जालंधर(सोनू): शहर के रैणक बाजार स्थित AC मार्केट में उस समय भगदड़ जैसे हालात बन गए, जब मार्केट के बेसमेंट में बनी कपड़ों की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। मार्केट में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 3 से 4 फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। धुएं के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बेसमेंट में पड़ा कूड़ा और वेस्ट कपड़े बताए जा रहे हैं।
मार्केट के लोगों के अनुसार टेलर दुकानों से निकलने वाले बेकार कपड़े लंबे समय से बेसमेंट में फेंके जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी या सिगरेट की चिंगारी से आग लगी हो सकती है। उधर, स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मार्केट की लिफ्ट पिछले 10-12 सालों से बंद पड़ी है और उसी जगह पर वेस्ट कपड़ा जमा किया जाता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेसमेंट में कूड़ा और कपड़े फेंकने पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा न हो।