Jalandhar : चिप्स-कुरकुरे के पैसे मांगना पड़ा भारी, दबंगों ने दुकानदार की तोड़ी बाजू

Edited By Urmila,Updated: 31 Jul, 2026 10:57 AM

hooliganism in jalandhar

शीतला माता मंदिर के पास स्थित बिजली शिकायत केंद्र के सामने चाय की दुकान चलाने वाले युवक को चिप्स और कुरकुरे के पैसे मांगना महंगा पड़ गया।

जालंधर(शौरी): शीतला माता मंदिर के पास स्थित बिजली शिकायत केंद्र के सामने चाय की दुकान चलाने वाले युवक को चिप्स और कुरकुरे के पैसे मांगना महंगा पड़ गया। कार सवार युवकों ने दुकानदार पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया, जिससे उसकी बाजू टूट गई। वारदात के बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना सुबह करीब 6.30 बजे की है।

पीड़ित जगजीत सिंह उर्फ लवली, पुत्र दविंदर सिंह, निवासी नीला महल ने बताया कि सुबह दो युवक कार में उसकी दुकान पर आए। उनमें से एक युवक ने दो पैकेट चिप्स और दो पैकेट कुरकुरे लिए। जब उसने सामान के पैसे मांगे तो आरोपी गाली-गलौच करने लगा और कार में जाकर बैठ गया। इसके बाद उसने इशारे से दुकानदार को कार के पास बुलाया और बेसबॉल बैट से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसकी बाजू टूट गई।

घटना के बाद क्षेत्र के गणमान्य लोगों, जिनमें सुखविंदर सिंह उर्फ राजू मक्कड़, कुनाल गोस्वामी उर्फ मंगा पहलवान और प्रभजोत सिंह शामिल थे, ने आरोप लगाया कि वारदात के समय पास में तैनात पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। लोगों ने पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए इंसाफ की मांग की।

सूचना मिलने पर भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव के.डी. भंडारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की, जिसके बाद थाना-2 पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की। थाना-2 में तैनात जांच अधिकारी ए.एस.आई. जर्मन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की कार के नंबर के आधार पर उनकी पहचान कर ली है। मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!