Edited By Subhash Kapoor,Updated: 26 May, 2026 07:50 PM

नगर निगम चुनाव के दौरान बठिंडा के वार्ड नंबर-2 में मतदान खत्म होते ही राजनीतिक माहौल हिंसक हो गया।
बठिंडा, (विजय वर्मा): नगर निगम चुनाव के दौरान बठिंडा के वार्ड नंबर-2 में मतदान खत्म होते ही राजनीतिक माहौल हिंसक हो गया। भारतीय जनता पार्टी के जिला शहरी प्रधान एवं पूर्व विधायक Sarup Chand Singla पर ग्रीन सिटी पोलिंग स्टेशन के पास हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि पथराव में सिंगला के कंधे पर चोट लगी है। उनके सुरक्षाकर्मी और एक भाजपा कार्यकर्ता के घायल होने की भी सूचना है।
सरूपचंद सिंगला ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर-2 से भाजपा उम्मीदवार से मुलाकात कर वह कार्यालय लौट रहे थे, तभी कुछ लोग उनके वाहन के सामने आ गए। उनके अनुसार हमलावरों के हाथों में तेजधार हथियार, पिस्तौल और पत्थर थे। उन्होंने दावा किया कि हमलावर खुद को सत्ताधारी दल से जुड़ा बता रहे थे और अचानक हमला करने के लिए आगे बढ़े। सिंगला ने कहा कि उनके सुरक्षा कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भारी पथराव शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बड़ा पत्थर उनके सिर की ओर फेंका गया, लेकिन सुरक्षाकर्मी द्वारा हटाने से वह उनके कंधे में जाकर लगा। भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि उपद्रवियों ने मौके पर हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना के बाद भाजपा ने पंजाब पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। सरूपचंद सिंगला का कहना है कि पोलिंग स्टेशन के बाहर 15 से 20 पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन किसी ने हमलावरों को रोकने या पकड़ने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रही है और चुनावी हिंसा फैलाने वालों पर कार्रवाई से बच रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा जा रहा है और पार्टी नेताओं ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
