Edited By VANSH Sharma,Updated: 26 Mar, 2026 10:49 PM

जालंधर शहर में गुरुवार रात अचानक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली।
जालंधर: जालंधर शहर में गुरुवार रात अचानक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। जंग को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण लोग घबराकर बड़ी मात्रा में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। स्थिति ऐसी हो गई कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं और कुछ पंपों को शटर तक बंद करने पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, चीक-चीक चौक, अंबेडकर चौक, गुरु नानक मिशन चौक, संविधान चौक, अली मोहल्ला, मछी मार्केट और टैगोर अस्पताल के आसपास स्थित पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपनी गाड़ियों के अलावा बोतलों और डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने की मांग करने लगे, जिससे पेट्रोल पंप संचालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि कुछ पेट्रोल पंप मालिकों ने सुरक्षा कारणों से शटर बंद कर दिए और पेट्रोल देने से मना कर दिया, क्योंकि बोतलों में पेट्रोल भरना नियमों के खिलाफ है और इससे हादसे का खतरा बढ़ सकता है। पिछले करीब एक घंटे से शहर के कई पेट्रोल पंपों पर इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।

प्रशासन की ओर से भी लोगों को शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।


अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here