Edited By Subhash Kapoor,Updated: 13 Jul, 2026 11:08 PM

शहर के घुमार मंडी के नजदीक नेशनल रोड पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
लुधियाना ( गणेश/सचिन ) : शहर के घुमार मंडी के नजदीक नेशनल रोड पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अखिलेश ने बताया कि वह पार्किंग से अपनी एक्टिवा निकालकर पास की गली में अपने मालिक के घर सामान पहुंचाने जा रहा था। जैसे ही वह मुख्य सड़क पर पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक बाइक सवार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि एक्टिवा सड़क पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गई।
पीड़ित ने बताया कि हादसे से करीब आधा घंटा पहले ही उसने स्कूटी की पेट्रोल टंकी फुल करवाई थी। आग लगते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कूटी बुरी तरह जल चुकी थी। हादसे में चालक को चोटें आई हैं, जबकि घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

