Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Jul, 2026 12:24 AM

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी आखिरकार कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात के लिए तैयार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार (11 जुलाई) को होने वाली इस अहम बैठक में चन्नी...
जालंधर : पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी आखिरकार कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात के लिए तैयार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार (11 जुलाई) को होने वाली इस अहम बैठक में चन्नी के साथ सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और विधायक राणा गुरजीत सिंह भी मौजूद रहेंगे। यह बैठक राणा गुरजीत के चंडीगढ़ आवास पर बुलाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पंजाब कांग्रेस के संगठन और पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस बीच कांग्रेस हाईकमान ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर राजा वड़िंग ही बने रहेंगे और नेतृत्व में किसी बदलाव की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पार्टी में एकजुटता बनाए रखने और संगठनात्मक मुद्दों का समाधान निकालने के उद्देश्य से पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। इस बैठक की मेजबानी राणा गुरजीत सिंह करेंगे।
अब पंजाब कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें इस बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद पार्टी की अंदरूनी स्थिति और आगे की रणनीति को लेकर तस्वीर कुछ हद तक साफ हो सकती है।