Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Jul, 2026 05:11 PM

पंजाब पुलिस की बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने गुरुवार को राजासांसी पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी (SHO) अपनी निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद डीआईजी सीधे थाने पहुंचे, जहां SHO कथित रूप से नशे...
अमृतसर। पंजाब पुलिस की बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने गुरुवार को राजासांसी पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी (SHO) अपनी निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद डीआईजी सीधे थाने पहुंचे, जहां SHO कथित रूप से नशे की हालत में कार्यालय के पीछे बने कमरे में मिले। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आने पर डीआईजी ने मौके पर ही SHO को निलंबित करने के आदेश दिए और विभागीय जांच शुरू कर दी।
इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल SHO को कड़ी फटकार लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में डीआईजी को पंजाबी में यह कहते हुए सुना जा सकता है, "तेरा नाका लगा सी, तू इथे प्या वां, उल्लू दा पट्ठा।" वहीं SHO अपनी सफाई देने की कोशिश करता रहा, लेकिन डीआईजी ने उसकी एक नहीं सुनी और तत्काल निलंबन के निर्देश जारी कर दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित स्थान पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।