Edited By Urmila,Updated: 18 Oct, 2026 10:39 AM

अमृतसर देहाती पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है।
अमृतसर (जशन) : अमृतसर देहाती पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर के संपर्क में रहकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलवाने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी कार्रवाई में बी.एस.एफ. के सहयोग से पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन और अफीम की खेप बरामद कर 2 कथित नशा तस्करों को काबू किया गया है।
एस.एस.पी. कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस ने 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पता लगा कि आरोपी यूरोप में बैठे गैंगस्टर बादलप्रीत के सीधे संपर्क में था। उस पर ए.एस.आई. पर हमला करने और गांव पंडोरी वड़ैच में पैट्रोल बम फैंकने जैसी वारदातों को अंजाम देने के लिए निर्देश देने के आरोप हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .30 बोर का एक पिस्तौल भी बरामद किया है।
15 से 50 हजार रुपए का लालच देकर युवाओं को बनाता था अपराध में भागीदार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर नाबालिगों और युवाओं को पैसों का लालच देकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल करता था। वह उन्हें 15 से 50 हजार रुपए तक देने का प्रलोभन देकर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिलवाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी हुई है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन और अफीम बरामद
एक अन्य संयुक्त कार्रवाई के दौरान थाना लोपोके की पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की टीम ने 2 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 5 किलोग्राम अफीम और 2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में एफ.आई.आर. नंबर 327 दर्ज की गई है। शुरूआती जांच में आशंका जताई गई है कि नशीले पदार्थों की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी।
मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी
एस.एस.पी. चहल ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाऊंट और वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इनके संपर्कों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन गतिविधियों में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here