Edited By Urmila,Updated: 06 Oct, 2026 12:42 PM
पंजाब में सीमा पार से होने वाली नशे की तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच अब हवाला कारोबार तक पहुंच गई है।
जगराओं : पंजाब में सीमा पार से होने वाली नशे की तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच अब हवाला कारोबार तक पहुंच गई है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और BSF की संयुक्त जांच में ऐसे सिंडिकेट का पता चलने का दावा किया गया है, जो पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन मंगवाने के बाद नशे की कमाई को हवाला नेटवर्क के जरिए पाकिस्तान भेजता था। इस मामले में जगराओं से कपिल गर्ग उर्फ पारस गर्ग को गिरफ्तार किया गया है।
एजेंसियों की जांच के मुताबिक, कपिल गर्ग की भूमिका कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़ी रकम को इधर-उधर करने में थी। जांचकर्ताओं को उसके संपर्क पाकिस्तान में मौजूद शहजाद भट्टी से होने के सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि रकम सीधे पाकिस्तान भेजने के बजाय दुबई और अन्य विदेशी माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था।
करोड़ों के नेटवर्क तक पहुंचने में तकनीकी जांच बनी अहम कड़ी
इस पूरे मामले की जांच उस समय आगे बढ़ी जब सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए नशे की खेप पहुंचाने के सुराग मिले। 1 मार्च को BSF ने 24 पैकेटों में 12.35 किलो हेरोइन बरामद की थी। बरामद ड्रोन की तकनीकी जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों और उनकी गतिविधियों को खंगालना शुरू किया। कॉल डंप और तकनीकी रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान कुछ नंबर सामने आए। जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की और मार्च से गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू हुआ। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों ने जांच को जगराओं के हवाला कारोबारी तक पहुंचाया।
गिरफ्तारियां बढ़ीं तो खुलता गया नशे का नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया। अलग-अलग आरोपियों से पूछताछ के बाद हेरोइन, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की बरामदगी हुई। एजेंसियों के अनुसार, अब तक 24.750 किलो हेरोइन और 49.94 लाख रुपए की कथित ड्रग मनी जब्त की जा चुकी है। जांच में BMW, Fortuner, Scorpio-N, Hilux, Thar और Mahindra XUV समेत छह वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन वाहनों का इस्तेमाल नशे के नेटवर्क में किया जाता था या इन्हें नशे की कमाई से खरीदा गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
18 आरोपी नामजद, 12 की गिरफ्तारी
मामले में अब तक 18 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से 12 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान नेटवर्क की सप्लाई और पैसों के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। एएनटीएफ सूत्रों के अनुसार केस में नामजद आरोपियों में मलूक सिंह निवासी गांव धूपसड़ी, तूर भिंडी औलख, अमृतसर, जगजीत सिंह उर्फ राणा, मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, रोशन सिंह उर्फ रोशन, गुरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ दीप संधू निबासी ढिल्लों नगर, लोहारा, लुधियाना, रणधीर सिंह, हरमीत सिंह उर्फ मीत, चिश्ती सुल्तान, लखवीर सिंह, जतिन शर्मा, अभिषेक कोंडल, विजय कुमार उर्फ मोनू निवासी ढिल्लों नगर, लुधियाना; रोहित मधोक निवासी दोराहा, किशन नगर, लुधियाना; मनप्रीत सिंह और गौरव शामिल हैं। उनकी मानें तो कपिल गर्ग पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच के इस चरण में अधिकारी इससे अधिक जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।
इसी जांच के आधार पर कपिल गर्ग को जगराओं से पकड़ा गया। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है। जांचकर्ता उससे यह पता लगाने में जुटे हैं कि हवाला के जरिए कितनी रकम भेजी गई, नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और पाकिस्तान में बैठे लोगों के साथ उसका संपर्क किस स्तर तक था।
250 किलो हेरोइन की सप्लाई से जुड़ा दावा
जांच एजेंसी ने नेटवर्क के बारे में एक और बड़ा दावा किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में करीब 250 किलो हेरोइन की अलग-अलग खेप की सप्लाई से संबंधित जानकारी सामने आई है। इस पहलू को लेकर भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशा किन-किन स्थानों तक पहुंचाया गया और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय थे। जांच में यह भी सामने आने का दावा है कि नशे के कारोबार से अर्जित पैसे से संपत्ति खरीदी गई। पुलिस ने ऐसे वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों को भी जांच के दायरे में लिया है।
जमानत अर्जियां भी हो चुकीं खारिज
मामले में नामजद कुछ आरोपियों ने अदालत से राहत लेने की कोशिश की, लेकिन उनकी जमानत याचिकाएं खारिज हो गईं। अदालत ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की तस्करी से जुड़े इस नेटवर्क की जांच को गंभीरता से लिया। फिलहाल ANTF और BSF की जांच जारी है। कपिल गर्ग से पूछताछ के बाद नेटवर्क के हवाला कनेक्शन, सीमा पार बैठे हैंडलरों और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में और खुलासे होने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here