Edited By Subhash Kapoor,Updated: 06 Jul, 2026 11:36 PM

शहर के भार्गव कैंप इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब हेयर सैलून पर दाढ़ी सेट करवाने आए एक युवक पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के...
जालंधर। शहर के भार्गव कैंप इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब हेयर सैलून पर दाढ़ी सेट करवाने आए एक युवक पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, मामूली कहासुनी को लेकर करीब पांच युवकों ने युवक को घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घायल युवक की बुआ नीलम ने बताया कि वह मौके से गुजर रही थीं। तभी उन्होंने देखा कि उनका भतीजा कुछ युवकों से घिरा हुआ है और उस पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिर से अत्यधिक खून बहने के कारण भतीजे का चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था।
नीलम ने बताया कि जब वह भतीजे को बचाने के लिए आगे बढ़ीं तो आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाने की चेतावनी दी, जिस पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सैलून के अंदर और बाहर खून के निशान दिखाई दिए। मौके पर एक बाइक और एक तेजधार हथियार भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि वारदात थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित बुड्डा मल ग्राउंड के पास हुई, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

