पंजाब कांग्रेस में घमासान जारी! चन्नी की रिहाइश पर जुटे नाराज नेताओं ने लिया अहम फैसला

Edited By Vatika,Updated: 03 Jul, 2026 04:50 PM

charanjit channi punjab congress meeting

पंजाब कांग्रेस में नई संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद शुरू हुई अंदरूनी नाराजगी अब जहल

चंडीगढ़/मोरिंडा: पंजाब कांग्रेस में नई संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद शुरू हुई अंदरूनी नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मोरिंडा स्थित आवास पर कई घंटे तक चली बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

हाईकमान को फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए
बैठक के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि उनकी पार्टी हाईकमान से कोई लड़ाई नहीं है। जल्द ही हाईकमान से मुलाकात कर बैठक में सामने आए सभी सुझाव और नेताओं की भावनाएं रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल सभी नेताओं की राय है कि कांग्रेस हाईकमान को हाल ही में की गई संगठनात्मक नियुक्तियों पर एक बार फिर विचार करना चाहिए। बाजवा ने कहा कि यह मांग पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि कांग्रेस को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि चन्नी भी हाईकमान से मुलाकात करेंगे और अन्य नेता भी अलग-अलग जाकर अपना पक्ष रखेंगे। बैठक को कुछ लोगों द्वारा 'बागियों की बैठक' बताए जाने पर बाजवा ने कहा कि यह किसी तरह की बगावत नहीं है। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और हर नेता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। बैठक का उद्देश्य केवल अपनी भावनाएं और सुझाव पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाना था।

बैठक के बाद समिति बनाने का फैसला
कांग्रेस नेता बरिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व विधायक, हलका इंचार्ज, चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। सभी नेताओं ने खुलकर अपनी राय रखी। इसके बाद निर्णय लिया गया कि एक समिति बनाई जाएगी, जो बैठक में सामने आए सभी सुझावों और मुद्दों को संकलित कर कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचाएगी। समिति के सदस्यों और उसकी कार्यप्रणाली की घोषणा जल्द की जाएगी। बरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह केवल पदों की लड़ाई नहीं है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी नेताओं को साथ लेकर चलना जरूरी है। बैठक में किसी भी नेता ने पार्टी छोड़ने या अलग गुट बनाने जैसी कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि चरणजीत सिंह चन्नी नई पार्टी बना सकते हैं या अलग गुट खड़ा कर सकते हैं। लेकिन शुक्रवार की बैठक ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। सभी नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस के भीतर रहकर ही अपनी बात रखना चाहते हैं और केवल हाईकमान से फैसले पर पुनर्विचार की मांग कर रहे हैं।

बैठक में पहुंचे ये नेता
चन्नी के बुलावे पर विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, गुरमीत सिंह 'काला' ढिल्लों (बरनाला), राणा गुरजीत सिंह (कपूरथला), पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू, गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व विधायक गुरप्रीत कांगड़, नाजर सिंह मानशाहिया, परमिंदर सिंह पिंकी, दविंदर सिंह घुबाया, इंद्रबीर सिंह बुलारिया, तरसेम डीसी, दर्शन बराड़, हरमिंदर सिंह गिल, मदन लाल जलालपुर, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों, कमलजीत कड़वल, पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक, पूर्व विधायक जोगिंदर पाल, दिनेश बस्सी, दलबीर गोल्डी, पिरमल सिंह तथा दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी बैठक में शामिल हुए। बरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि जो नेता बैठक में शामिल नहीं हो सके, उनसे भी संपर्क किया जाएगा। किसी को भी अलग नहीं रखा जाएगा और सभी नेताओं की राय को महत्व दिया जाएगा।

मीडिया के सामने नहीं आए चन्नी
हालांकि पूरी बैठक चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई, लेकिन बैठक समाप्त होने के बाद वह मीडिया के सामने नहीं आए। उनकी ओर से तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और बरिंदर सिंह ढिल्लों ने पत्रकारों को बैठक के फैसलों और माहौल की जानकारी दी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!