Edited By Subhash Kapoor,Updated: 30 Jun, 2026 06:31 PM

पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह अभियान ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ (Eco Club for Mission LiFE) के तहत संचालित किया जाएगा।
पंजाब डैस्क : पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह अभियान ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ (Eco Club for Mission LiFE) के तहत संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देना है।
शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों, स्कूल प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें। स्कूलों में कम से कम 30-35 फीट ऊंचाई वाले स्थानों पर पौधे लगाए जाएं और प्रत्येक स्कूल में कम से कम 10 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा जाए।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, जामुन, शहतूत जैसे छायादार एवं फलदार वृक्षों के साथ-साथ सजावटी, फूलदार और सदाबहार पौधों को प्राथमिकता दी जाए। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके जीवित रहने की जिम्मेदारी भी स्कूलों की होगी।
सभी स्कूलों को पौधारोपण की गतिविधियों की जानकारी और तस्वीरें Eco Club for Mission LiFE Portal पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि अभियान की निगरानी Environment Education Programme Coordinator (EEPC) करेंगे और सभी जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारी इसकी नियमित समीक्षा करेंगे। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।