Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 Aug, 2026 07:59 PM

जिला बार एसोसिएशन, लुधियाना की कार्यकारिणी ने बार एसोसिएशन के चुनाव के मद्देनजर 25 और 26 अगस्त 2026 को नो वर्क डे रखने का निर्णय लिया है। यह निर्णय रिटर्निंग ऑफिसर (आर.ओ.) एवं उनकी टीम के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
लुधियाना (मेहरा): जिला बार एसोसिएशन, लुधियाना की कार्यकारिणी ने बार एसोसिएशन के चुनाव के मद्देनजर 25 और 26 अगस्त 2026 को नो वर्क डे रखने का निर्णय लिया है। यह निर्णय रिटर्निंग ऑफिसर (आर.ओ.) एवं उनकी टीम के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
इस संबंध में जानकारी जिला बार एसोसिएशन के सचिव हिमांशु वालिया ने देते हुए बताया कि इन दोनों दिनों में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता नामांकन एवं अन्य चुनाव संबंधी गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी ने उक्त दोनों दिनों को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है।
बार एसोसिएशन ने सिविल एवं क्रिमिनल न्यायालयों, राजस्व अदालतों, उपभोक्ता आयोग, लेबर कोर्ट, किशोर न्याय बोर्ड तथा स्थायी लोक अदालत के न्यायिक अधिकारियों से अनुरोध किया है कि इन दिनों अधिवक्ताओं की चुनावी व्यस्तता को देखते हुए किसी भी मामले में उनके विरुद्ध कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।
एसोसिएशन ने यह भी अनुरोध किया है कि चुनावी गतिविधियों के कारण यदि कोई अधिवक्ता संबंधित अदालत अथवा फोरम के समक्ष उपस्थित होने में असमर्थ रहता है तो उसकी व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट प्रदान की जाए।
सभी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने प्रतिनिधियों/सदस्यों की अदालतों में आवश्यक रूप से ड्यूटी लगाएं, ताकि बार के अधिवक्ताओं एवं सदस्यों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सचिव हिमांशु वालिया ने न्यायिक अधिकारियों, सभी संबंधित फोरम तथा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों से सहयोग एवं सकारात्मक विचार की अपील की है।