Punjab में पुलिस-गैंगस्टर आमने-सामने, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 30 Jun, 2026 07:45 PM

police and gangsters face off in punjab

पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और चार कथित गैंगस्टरों के बीच मंगलवार देर शाम बठिंडा जिले में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को गोली लगने के बाद काबू कर लिया, जबकि उसके तीन साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

बठिंडा,  (विजय वर्मा)। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और चार कथित गैंगस्टरों के बीच मंगलवार देर शाम बठिंडा जिले में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को गोली लगने के बाद काबू कर लिया, जबकि उसके तीन साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, एजीटीएफ को खुफिया सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध अपराधी गांव जोगानंद के निकट सरहिंद नहर की पटरी पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, तो आरोपितों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों की ओर से चार राउंड फायर किए गए, जिनमें से दो गोलियां पुलिस वाहन को लगीं। हालांकि, इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके तीनों साथियों को भी मौके पर ही दबोच लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी गांव रोड़ी के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए शहीद भाई मनी सिंह सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अन्य आरोपितों की पहचान जश्नदीप सिंह निवासी गांव दुल्लेवाला, सुखचैन सिंह तथा गुरदीप सिंह निवासी गांव सलाबतपुरा, जिला बठिंडा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, खाली खोल तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार चारों आरोपी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि उनका संबंध जग्गा तख्त मल गिरोह और बंबीहा गैंग से हो सकता है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपितों ने एक दिन पहले गांव बुर्ज राजगढ़ के पास हुसनप्रीत सिंह निवासी गांव कांगड़ पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद आरोपित उससे करीब तीन हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इसी मामले में एजीटीएफ लगातार उनकी तलाश कर रही थी।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपितों के खिलाफ थाना थर्मल में हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!