जालंधर के मेन चौक पर गुंडागर्दी, नौजवान पर सरेआम जानलेवा हमला

Edited By Urmila,Updated: 26 Jun, 2026 02:41 PM

hooliganism at jalandhar s main intersection

जालंधर के बाबू जगजीवन चौक (भईया मंडी चौक) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई।

जालंधर : जालंधर के बाबू जगजीवन चौक (भईया मंडी चौक) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि बस्ती गुजा क्षेत्र से आए कुछ युवकों ने एक नौजवान पर हमला कर दिया और उसे जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित युवक के मुताबिक, वह दवाई लेने के लिए चौक पर आया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और सीवरेज के चैंबर का ढक्कन उठाकर उसके सिर पर वार किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर उसकी बहन और भाई बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हाथ उठा दिया।

पीड़िता युवती ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए और सरेआम गोली मारने की धमकी दी। उसने कुछ युवकों पर नशे का अवैध कारोबार करने का भी आरोप लगाया। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झगड़ा करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा, लेकिन पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। लोगों ने पुलिस की देरी पर नाराजगी भी जताई। वहीं एक महिला ने आरोप लगाया कि झगड़े में शामिल एक युवक उसका दामाद है, जिसने प्रेम विवाह किया था और वह पहले भी उसकी बेटी के साथ मारपीट कर चुका है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने नशे से जुड़े आरोपों से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!