Edited By Urmila,Updated: 13 Jun, 2026 12:42 PM

जालंधर में न्यू दशमेश नगर इलाके से देर रात एक सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जालंधर : जालंधर में न्यू दशमेश नगर इलाके से देर रात एक सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार न्यू दशमेश नगर इलाके से देर रात आपसी रंजिश के चलते दो गुट आमने-सामने आ गए, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मृतक की पहचान अमन नगर निवासी सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं गोली लगने से घायल हुए सौरभ को तुरंत पटेल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में 8 से 9 युवक शामिल थे, जो बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी सौरभ का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था और उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के इरादे से आरोपियों ने दोबारा हमला किया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप पुलिस और एसीपी आतिश भाटिया मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने एफआईआर नंबर 136 दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here