Edited By VANSH Sharma,Updated: 27 Jun, 2026 08:29 PM

जालंधर देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है।
जालंधर (सोनू): जालंधर देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल, पंप-एक्शन गन, मैगजीन और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे गैंग से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डोनी बल के करीबी साथी सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू निवासी गांव कम्मोके, थाना ब्यास (अमृतसर देहात) और मुनीश उर्फ जस्सा निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस के अनुसार, सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू के कब्जे से 30 बोर की एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस, 12 बोर की एक पंप-एक्शन गन तथा उसकी स्विफ्ट कार से अतिरिक्त कारतूस बरामद किए गए। वहीं, मुनीश उर्फ जस्सा के कब्जे से 32 बोर की एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

12 मार्च को पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार
एसएसपी ने बताया कि 12 मार्च 2026 को थाना महितपुर पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार की जांच के दौरान स्कॉर्पियो से विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ थाना महितपुर में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
एसएसपी के मुताबिक, 25 जून को सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली को सूचना मिली थी कि सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू दोबारा महितपुर इलाके में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नकोदर-महितपुर रोड स्थित घूमण पैलेस के पास नाकाबंदी कर स्विफ्ट कार (PB02-DU-4004) सहित उसे गिरफ्तार कर लिया।

जेल में हुई थी डोनी बल से मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में अमृतसर जेल में बंद रहने के दौरान सुखजिंदर सिंह की मुलाकात गैंगस्टर डोनी बल से हुई थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर अपना गैंग तैयार किया, जिसमें बिल्ला मंडियाला, गोरा, गोपी कौड़ा सहित कई अन्य सदस्य शामिल हो गए।
जग्गू भगवानपुरिया गैंग से रही दुश्मनी
पुलिस के अनुसार, डोनी बल गैंग की जग्गू भगवानपुरिया गैंग से पुरानी रंजिश रही है, जिसके चलते दोनों गैंगों के बीच कई बार गैंगवार हुई। इसी वजह से सुखजिंदर सिंह बिलगा-महितपुर क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के सीधे संपर्क में था और अवैध हथियारों के साथ इलाके में सक्रिय था।
पुलिस रिमांड में होंगे कई खुलासे
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here