Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 Jul, 2026 06:27 PM

बल्लुआना विधानसभा क्षेत्र के गांव ताजा पट्टी की मौजूदा सरपंच मंजू रानी के पति भोजराज सियाग पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में उसकी गाड़ी रोककर हथियारों से हमला करते हुए वाहन...
अबोहर, (भारद्वाज) : बल्लुआना विधानसभा क्षेत्र के गांव ताजा पट्टी की मौजूदा सरपंच मंजू रानी के पति भोजराज सियाग पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में उसकी गाड़ी रोककर हथियारों से हमला करते हुए वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग भी की। हालांकि उसके द्वारा गाड़ी वहां से भगा लिए जाने पर उसकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने चुनावी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी देते हुए भोजराज सियाग ने बताया कि उसकी पत्नी सरपंच पद का चुनाव जीती थी तभी से गांव की अन्य पार्टी के कुछ लोग उनसे चुनावी रंजिश रखते हैं। उसने बताया कि आज सुबह करीब 9 बजे वह गाड़ी में जा रहे थे कि गांव ताजा पट्टी से गोबिंदगढ़ के रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे करीब 7-8 अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उक्त लोगों ने उनकी गाड़ी पर हथियारों से हमला कर शीशे व अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमलावरों ने उनकी गाड़ी का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकालने का भी प्रयास किया। उन्होंने अपनी गाड़ी तेजी से भगाकर अपनी जान बचाई। आरोप के अनुसार हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग भी की लेकिन किस्मत से गोलियां उन्हें नहीं लगीं और वह सुरक्षित बच निकले। पीड़ित ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सदर थाना प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि भोजराज सियाग की शिकायत मिली है। शिकायत में गाड़ी रोककर तोड़फोड़ और धक्का-मुक्की का जिक्र किया गया है। फिलहाल जांच के दौरान फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।