Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Jul, 2026 05:37 PM

रविवार दोपहर गुरदासपुर-श्री हरगोबिंदपुर मार्ग पर गांव वड़ैच के पास एक बोलेरो कैंपर जीप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): रविवार दोपहर गुरदासपुर-श्री हरगोबिंदपुर मार्ग पर गांव वड़ैच के पास एक बोलेरो कैंपर जीप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों और साथियों के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुखपिंदर सिंह पुत्र मकंद सिंह, निवासी नैणेकोट (वर्तमान निवासी काहनूवान) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान अरशदीप सिंह पुत्र वरिंदर सिंह, निवासी कीड़ी अफगाना, थाना काहनूवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोट टोडर मल से सठियाली की ओर जा रहे थे। जब वे गांव वड़ैच के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से उनकी सीधी टक्कर हो गई। मौके पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए ड्यूटी अधिकारी थानेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों व साथियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

