Edited By Urmila,Updated: 22 Mar, 2026 04:32 PM
लुधियाना में जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी में मजदूर व कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर विशाल रैली की।
लुधियाना : लुधियाना में जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी में मजदूर व कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर विशाल रैली की। रैली को संबोधित करते हुए इफ्टू के प्रदेश अध्यक्ष कुलविंदर सिंह वड़ैच, ग्रामीण मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष तरसेम पीटर, डेमोक्रेटिक वर्कर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष जरमनजीत सिंह छज्जलवडी और जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष मुकेश मलौद ने कहा कि आज की रैली चार लेबर कोड रद्द करो, बिजली संशोधन बिल 2025 रद्द करो, मनरेगा कानून बहाल करो, ठेका मजदूरों को रेगुलर करो, स्कीम आउटसोर्स मजदूरों, ठेका मजदूरों, मनरेगा कर्मचारियों को रेगुलर करने समेत मनरेगा मेट, आशा, मिड-डे मील, आंगनवाड़ी, फॉरेस्ट, बिजली मजदूरों और सफाई कर्मचारियों को रेगुलर करने, ग्रामीण मजदूरों की दिहाड़ी 1000 रुपये करने की मांग की। 26 दिन का महीना मानकर महीने की मजदूरी 26,000 रुपए तय की जाए, ऑटो का ऑनलाइन चालान बंद हो और टेस्ट पासिंग फीस में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए।
नेताओं ने कहा कि चारों लेबर कोड मजदूर वर्ग के लिए बहुत नुकसानदायक हैं। इनके लागू होने से 300 तक मजदूर वाली फैक्ट्रियां बंद हो जाएंगी, 12 घंटे काम करने से मजदूर मशीन बन जाएगा, मजदूरों को निकालना आसान हो जाएगा, सोशल सिक्योरिटी सिर्फ कागजों तक रह जाएगी और यूनियन बनाने का अधिकार सीमित हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बड़े पैमाने पर सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर रही है, उसका इलेक्ट्रिसिटी बिल 2025 बिजली डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र को प्राइवेट कंपनियों को सौंपना है, जिससे सब्सिडी कम या खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मगनरेगा एक्ट को खत्म करने के बाद लाए गए वी बी जी रामजी एक्ट के साथ रोजगार की कानूनी सुरक्षा कमजोर हो जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार के साथ-साथ पंजाब सरकार भी जन संगठनों के संघर्षों को दबा रही है, नेताओं को झूठे केस में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रैली के बाद एक प्रदर्शन भी किया गया। मंच का संचालन कश्मीर सिंह घुगशोर ने किया।
इंडियन फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियंस, रूरल वर्कर्स यूनियन पंजाब, जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी, डेमोक्रेटिक एम्प्लॉइज फेडरेशन के वर्कर बड़ी संख्या में इस रैली में पहुंचे। इस मौके पर आशाा वर्कर्स यूनियन की शकुंतला सरोय, मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन फरीदकोट की लखविंदर कौर, PM यूनियन के मंगा सिंह बेरोके और हंसराज पदवां, जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के बिकर सिंह हथोआ और धर्मवीर हरिगढ़, जोगिंदर पाल गुरदासपुर, अवतार सिंह तारी ने संबोधित किया। आज की सभा में एक प्रस्ताव पास किया गया कि अगर सरकार 1 अप्रैल तक लागू नहीं करती है तो जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर जसवीर सिंह दीप, रूपिंदर पाल, सुखविंदर सिंह, प्रवीण कुमारी, गुरप्रीत कौर, बिक्रमदेव सिंह, हरदीप टोडरपुर, ममता शर्मा, सुखदेव माणूके के अलावा हजारों मजदूर व कर्मचारी मौजूद थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here