Edited By Subhash Kapoor,Updated: 10 Apr, 2026 11:00 PM

ऋषि नगर इलाके में सड़क निर्माण को लेकर उठी आवाज पर कथित तौर पर दबंगई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यक्ति कुमार गौरव द्वारा निर्माण कार्य में खामियां उजागर करना उस समय विवाद का कारण बन गया, जब उन पर हमला कर दिया गया।
लुधियाना (गणेश/सचिन) : ऋषि नगर इलाके में सड़क निर्माण को लेकर उठी आवाज पर कथित तौर पर दबंगई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यक्ति कुमार गौरव द्वारा निर्माण कार्य में खामियां उजागर करना उस समय विवाद का कारण बन गया, जब उन पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुमार गौरव को पता चला कि संगम चौक, डॉक्टर धामी रोड और लायंस क्लब रोड पर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सड़क बिना रोड साइड जालियों (ड्रेनेज सिस्टम) के बनाई जा रही है। इस पर उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट तौर पर कहा कि बिना जालियों के बनी सड़क ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी और कुछ ही महीनों में टूट सकती है।
आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऋषि नगर के पार्षद मुनीश शाह करीब 30-40 लोगों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। कुमार गौरव को कथित तौर पर धमकियां दी गईं, यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब कुमार गौरव पर हमला कर दिया गया। गनीमत रही कि वह इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग (पब्लिक) मौके पर जमा हो गए और उन्होंने इस पूरी घटना का विरोध किया। लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति जनता के हित में आवाज उठा रहा था, उसी को निशाना बनाया गया, जो बेहद निंदनीय है। साथ ही, लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर बदसलूकी और धमकियों के दृश्य देखे जा सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
(इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।)