Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Apr, 2026 11:00 PM

जगरांव पुल से बाईपास की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार एक्टिवा सवार अचानक हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते समय एक्टिवा का अगला पहिया अचानक फिसल गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।
लुधियाना (गणेश/सचिन): जगरांव पुल से बाईपास की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार एक्टिवा सवार अचानक हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते समय एक्टिवा का अगला पहिया अचानक फिसल गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी एक पल के लिए सहम गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल युवक की मदद की और उसे संभाला।
गनीमत यह रही कि हादसा ज्यादा गंभीर नहीं था और युवक को केवल मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत को भी हादसे का बड़ा कारण बताया है। लोगों का कहना है कि जगरांव पुल और बाईपास के आसपास की सड़कों की हालत काफी खराब है, जिसके चलते आए दिन ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करवाई जाए और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
