लुधियाना में रंगों के त्योहार पर जमकर बरसे लाठी-डंडे, हुड़दंगियों ने शहर को बनाया अखाड़ा

Edited By Kalash,Updated: 05 Mar, 2026 01:08 PM

ludhiana holi celebration clashes

रंगों का पावन त्योहार होली लुधियाना में इस बार शांति और उल्लास की जगह झगड़े और हंगामे की भेंट चढ़ गया।

लुधियाना (राज): रंगों का पावन त्योहार होली लुधियाना में इस बार शांति और उल्लास की जगह झगड़े और हंगामे की भेंट चढ़ गया। शहर के विभिन्न कोनों में शरारती तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया, जिसके चलते भाईचारे का यह त्योहार जंग के मैदान में तब्दील हो गया। बुधवार को सूरज ढलने तक शहर में मारपीट, आपसी झगड़ों और सड़क हादसों का ऐसा तांडव देखने को मिला कि सिविल अस्पताल की इमरजेंसी छावनी जैसी नजर आने लगी। हालत यह थी कि दोपहर से लेकर देर रात तक सिविल अस्पताल में घायलों को लाने वालों का तांता लगा रहा और डॉक्टरों के पास सांस लेने तक की फुर्सत नहीं थी।

सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, अकेले बुधवार को ही 150 से अधिक मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) दर्ज की गईं। यह तो वह आंकड़ा है जो अस्पताल तक पहुंचा, जबकि दर्जनों मामले ऐसे भी रहे जो पुलिस और कागजों तक पहुंचे ही नहीं। त्योहार की आड़ में शराब के नशे में धुत युवाओं ने मामूली बात पर एक-दूसरे के सिर फोड़ दिए। कहीं रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ तो कहीं पुरानी रंजिशें निकाली गईं। अस्पताल की इमरजेंसी में कोई खून से लथपथ पहुंचा तो किसी के चेहरे और हाथ-पैर पर गंभीर चोटें थीं। स्ट्रेचर कम पड़ गए और घायलों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली पांच जानें 

होली की मस्ती उस वक्त मातम में बदल गई जब शहर के अलग-अलग हिस्सों से पांच मौतों की दुखद खबर सामने आई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन मौतों के पीछे मुख्य कारण लापरवाही और नशा कर ड्राइव करना रहा। दो लोगों ने सड़क हादसों में अपनी जान गंवाई, जबकि एक व्यक्ति की ऊंचाई से गिरने और एक की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। इसके अलावा एक अज्ञात शव भी बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद हुड़दंगियों ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं और तेज रफ्तार वाहनों के कारण मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा गईं।

मुस्तैद रही पुलिस पर हुड़दंगी पड़े भारी

सिविल अस्पताल चौकी इंचार्ज राज कुमार ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस और मेडिकल स्टाफ पहले से ही अलर्ट पर था, लेकिन इस बार झगड़ों और सड़क हादसों का ग्राफ सामान्य से कहीं अधिक रहा। पुलिस अब इन तमाम मामलों की गहराई से जांच कर रही है।  फिलहाल शहर में शांति बनी हुई है और पुलिस की टीमें गश्त पर हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!