Edited By Kalash,Updated: 25 Feb, 2026 04:23 PM

महानगर में खाकी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है।
लुधियाना (राज): महानगर में खाकी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। मुंडिया इलाके के राम नगर निवासी राजेश कुमार ने मुंडिया चौकी इंचार्ज और एक अन्य मुलाजिम पर रिश्वतखोरी और बेरहमी से मारपीट करने के संगीन आरोप जड़ते हुए मोर्चा खोल दिया है। इंसाफ की गुहार लगाने के लिए पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर (CP) ऑफिस के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन का अंदाज काफी अनोखा और आक्रामक रहा, जहां पीड़ित परिवार ने आरोपी पुलिसकर्मियों की फोटो वाले बड़े-बड़े बैनर हाथों में थामकर उनके खिलाफ जमकर गुब्बार निकाला।
पीड़ित राजेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी व्यथा सुनाते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे के खिलाफ चल रहे एक मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उक्त पुलिस अधिकारियों ने मोटी रकम ऐंठ ली। राजेश का आरोप है कि रिश्वत की रकम लेने के बावजूद पुलिसकर्मियों का दिल नहीं भरा और उन्होंने उसके साथ मारपीट भी की। पीड़ित ने सीधे तौर पर चौकी इंचार्ज और एक अन्य पुलिस मुलाजिम को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि रक्षक ही अब भक्षक बन गए हैं। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।
दूसरी ओर, पुलिस महकमे ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। पुलिस के मुताबिक, यह सब पुलिस पर दबाव बनाने की एक सोची-समीझी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और फोटो वाले बैनरों ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में आलाधिकारी जांच के बाद क्या रुख अपनाते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here