Edited By Urmila,Updated: 25 Feb, 2026 01:06 PM

पुलिस ने शराब बेचने वाले ठेके से शराब के सैंपल और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद फोरेंसिक जांच के लिए विसरा भी भेजा था लेकिन अभी तक जांच किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची ।
लुधियाना (गौतम ) : राष्ट्रीय मानवअधिकार आयोग (नेशनल हयूमन राईटस कमिशन) ने नूरवाला रोड़ पर स्थित सन्यास नगर में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से तीन लोगों की मौत होने के मामले को लेकर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर व पुलिस कमिश्नर से मांगी है। एनएचआरसी के पैनल की तरफ से पुलिस कमिश्नर व डिप्टी कमिश्नर को इस मामले की रिपोर्ट चार हफ्तों में पेश करने के लिए कहा है।
सोशल वर्कर कीमती रावल की तरफ से एनएचआरसी को इस संबंध में शिकायत दी थी कि इस मामले में शामिल आरोपियों को राजनीतिक पहुंच के चलते बचाया जा सकता है, इसी को लेकर उन्होंने इस मामले की जांच केन्द्रीय एजेंसियों से करवाई जाए ताकि पीड़ितों को इंसाफ मिल सके । गौर है कि सन्यास नगर में 22 मई 2025 तीन लोगों देवी, रिंकू व मंगतराय की कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से मौत हो गई थी। उस समय थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने पीड़ितों के परिवार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और एक्साइज विभाग की तरफ से भी जांच की गई थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बेचने वाले ठेके से शराब के सैंपल और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद फोरेंसिक जांच के लिए विसरा भी भेजा था लेकिन अभी तक जांच किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची । इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट को लेकर इंतजार किया जा रहा है । थाना बस्ती जोधेवाल के इंस्पैक्टर जसवीर सिंह का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी, मौत के कारणों का पता चलने के बाद ही निष्पक्ष कानूनी कारवाई की जाएगी ।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here