Edited By Vatika,Updated: 25 Feb, 2026 09:21 AM

माता रानी चौक स्थित नगर निगम ऑफिस की सरकारी पार्किंग अब वाहन चालकों के लिए सुरक्षित नहीं रही।
लुधियाना(राज): माता रानी चौक स्थित नगर निगम ऑफिस की सरकारी पार्किंग अब वाहन चालकों के लिए सुरक्षित नहीं रही। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाते हुए खाकी को खुली चुनौती दे डाली है। रविवार की शाम भीड़भाड़ वाले इस इलाके में एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में महज 25 सेकंड के भीतर बाइक का लॉक तोड़ा और रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस को शिकायत दी गई है।
गौरव वर्मा ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी बाइक निगम दफ्तर के मेन गेट के पास खड़ी कर दुकान पर गए थे। जब शाम को वह वापस लौटे तो वहां से बाइक गायब थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जो सच सामने आया, फुटेज में साफ दिख रहा है कि काली टी-शर्ट पहने एक युवक बड़े ही शातिर तरीके से पैदल आता है और शक से बचने के लिए पास बनी थड़ी पर बैठ जाता है। जैसे ही उसे मौका मिलता है, वह खड़ा होता है, पलक झपकते ही लॉक तोड़ता है और महज 25 सेकंड में बाइक स्टार्ट कर फरार हो जाता है। इस घटना के बाद दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है , यह से पहले भी कई वाहन चोरी हो चुके है, मगर पुलिस गश्त के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं।