Edited By Vatika,Updated: 02 Mar, 2026 04:17 PM

जालंधर के थाना मकसूदां के अधीन आते गांव नूरपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप
जालंधर (सुनील): जालंधर के थाना मकसूदां के अधीन आते गांव नूरपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा की छात्रा का शव स्कूल परिसर में मिला। छात्रा को स्कूल स्टाफ द्वारा पठानकोट चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान खुशप्रीत पुत्री जरनैल सिंह, निवासी गांव नूरपुर (जालंधर) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें स्कूल की एक महिला अध्यापिका के नंबर से फोन आया था, जिसमें बेटी खुशप्रीत ने कहा कि पापा मेरे ऊपर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। इसके बाद परिवार ने स्कूल आने की बात कही। करीब 5 मिनट बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया और बताया गया कि जिस लड़की ने टीचर के पर्स से पैसे चुराए थे, वह कोई और है और उसे पकड़ लिया गया है। इसके बाद खुशप्रीत के पिता मोहल्ले के 1-2 लोगों को साथ लेकर स्कूल पहुंचे, जहां वह बेटी का शव देखकर सदमे में आ गए। वहीं स्कूल स्टाफ का कहना है कि बच्चों के शोर मचाने पर जब कमरे की तरफ गए तो एक कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर देखा गया कि छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। साथ ही स्कूल स्टाफ से अस्पताल में मौजूद महिला अध्यापक ने कहा कि मुझे पैसे चोरी के मामले की जानकारी नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और स्कूल स्टाफ व परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।