Edited By Subhash Kapoor,Updated: 01 Mar, 2026 08:31 PM

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य पूर्व के कई देशों में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में 2 मार्च...
लुधियाना (विक्की) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य पूर्व के कई देशों में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में 2 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
सीबीएसई ने बताया कि क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही 3 मार्च 2026 को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और 5 मार्च से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया है।
जानकारी अनुसार मिडिल ईस्ट क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और अस्थिर हालात को देखते हुए सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में सोमवार को होने वाली दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं फिलहाल टाल दी हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में विद्यार्थियों और परीक्षा स्टाफ की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने और उड़ानों के रद्द होने जैसी समस्याएं आ रही हैं। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र तक पहुंचना और स्टाफ की उपलब्धता मुश्किल हो रही थी। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल केवल 2 मार्च की परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। 3 मार्च को एक रिव्यू मीटिंग रखी गई है, जिसमें 5 मार्च के बाद होने वाली परीक्षाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन भारत के अलावा विदेश के 26 देशों में हर साल बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित करवाती है। दुनियाभर में बोर्ड से मान्यता प्राप्त 200 से ज्यादा स्कूल हैं. बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यू ए ई उनमें से एक देश है जहां सबसे परीक्षाओं का आयोजन करती है।
वहीं बोर्ड ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस फर्जी नोटिस को भी पूरी तरह झूठा बताया है, जिसमें बाकी सभी परीक्षाएं रद्द करने और वैकल्पिक मूल्यांकन (अल्टरनेटिव असेसमेंट) के आधार पर अंक देने का दावा किया गया था। सीबीएसई ने कहा है कि विद्यार्थी केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। यह फैसला केवल प्रभावित मिडिल ईस्ट देशों के परीक्षा केंद्रों पर लागू है, जबकि भारत और अन्य देशों में परीक्षाएं तय शेड्यूल के अनुसार जारी रहेंगी। स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखें हालात सामान्य होने के बाद घोषित की जाएंगी।
