Edited By VANSH Sharma,Updated: 28 Feb, 2026 08:16 PM

पंजाबी सिंगर Karan Aujla एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका नया म्यूज़िक नहीं, बल्कि दिल्ली में होने वाला उनका कॉन्सर्ट है।
पंजाब डेस्क: पंजाबी सिंगर Karan Aujla एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका नया म्यूज़िक नहीं, बल्कि दिल्ली में होने वाला उनका कॉन्सर्ट है। राजधानी में 28 फरवरी को होने वाले शो से पहले प्रशासन सख्त नजर आ रहा है।
दिल्ली की चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट (DCPO) ने कॉन्सर्ट के आयोजकों को नोटिस जारी किया है। यह शो जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (JLN) में आयोजित होना है। नोटिस में साफ कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान ऐसे गाने न गाए जाएं, जो शराब, ड्रग्स या गन कल्चर को बढ़ावा देते हों।
प्रशासन की चिंता खासतौर पर नाबालिगों को लेकर है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के गानों का बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसी वजह से आयोजकों को हिदायत दी गई है कि वे कॉन्सर्ट के कंटेंट को लेकर सतर्क रहें और बंदूक व शराब से जुड़े शब्दों वाले गानों से परहेज करें।
गौरतलब है कि करण औजला का “P-POP Culture इंडिया टूर 2026” दिल्ली से ही शुरू हो रहा है। 11 शहरों में होने वाले इस टूर की शुरुआत 28 फरवरी को नई दिल्ली से होगी। इसके बाद 3 मार्च को मुंबई और पुणे में स्पेशल होली शो आयोजित किए जाएंगे। आगे यह टूर अहमदाबाद (7 मार्च), चंडीगढ़ (14 मार्च), इंदौर (21 मार्च), बेंगलुरु (29 मार्च), कोलकाता (3 अप्रैल), जयपुर (5 अप्रैल), लखनऊ (10 अप्रैल) और लुधियाना (12 अप्रैल) तक जाएगा।
दिल्ली में होने वाले ओपनिंग कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन की बढ़ती निगरानी ने इस शो को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि कॉन्सर्ट तय दिशा-निर्देशों के तहत किस तरह आयोजित होता है और क्या इस विवाद पर सिंगर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here