Edited By Vatika,Updated: 02 Mar, 2026 11:37 AM

भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बीएसएफ द्वारा एक पाकिस्तानी युवक को गिरफ्तार किए
तरनतारन (रमन): भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बीएसएफ द्वारा एक पाकिस्तानी युवक को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार उसके पास से 10 पैकेट हेरोइन बरामद की गई है। हालांकि इस संबंध में बीएसएफ की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खेमकरण सेक्टर के अंतर्गत आने वाली चौकी हरभजन पर तड़के बीएसएफ की 142वीं बटालियन के जवानों ने भारतीय क्षेत्र में घुस आए एक व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि के दौरान ललकारा। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान पकड़े गए पाकिस्तानी युवक की पहचान अबू बकर (20), पुत्र इलियास मन्नू, निवासी छतनवाल, जिला कसूर (पाकिस्तान) के रूप में हुई है। उसके पास से 10 पैकेट हेरोइन बरामद किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार बीएसएफ द्वारा गिरफ्तार आरोपी को एनसीबी (नारकोटिक्स ब्यूरो ऑफ क्राइम) के हवाले किया जा रहा है, जो आगे इस मामले की जांच करेगी।