Edited By Vatika,Updated: 26 Feb, 2026 12:49 PM

घर के बाहर खेल रहे 4 साल के बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई।
जालंधर: गदाईपुर गांव में घर के बाहर खेल रहे 4 साल के बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को काबू कर लिया, जबकि बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद फेज पुत्र जाबिर अहमद, निवासी गदाईपुर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए बच्चे के पिता जाबिर अहमद ने बताया कि उनका बेटा अक्सर घर के बाहर ही अन्य बच्चों के साथ खेलता रहता था। बीते दिन भी वह बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को पीछे की ओर ले जाता हुआ आया और उनके बेटे को कुचल दिया। टायर के नीचे सिर आ जाने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया।
परिजन और मोहल्लेवासी बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया गया। एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि चालक की पहचान अमोद शर्मा पुत्र भूपिंदर शर्मा, निवासी मकसूदां के रूप में हुई है। बच्चे के पिता के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।