Edited By Vatika,Updated: 01 Mar, 2026 09:23 AM

घर से नकदी और गहने लेकर निकली पत्नी को जब पति वापस लेने ससुराल पहुंचा,
लुधियाना (राज): घर से नकदी और गहने लेकर निकली पत्नी को जब पति वापस लेने ससुराल पहुंचा, तो वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे ससुरालियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में न केवल युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, बल्कि उसकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। थाना डाबा की पुलिस ने मनप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी जीवनजोत कौर, संतोष कुमारी और ईश्वर सिंह है। पीड़ित पति ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसकी पत्नी जीवनजोत कौर बीती 8 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से सोने के गहने और 1,20,000/- रुपये की नकदी लेकर चली गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद 23 फरवरी 2026 को पत्नी का फोन आया, जिसे वह उठा नहीं सका। जब उसने वापस फोन किया तो पत्नी ने उसे अपनी बच्ची से मिलवाने के बहाने मायके घर बुलाया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपनी बलीनो कार में सवार होकर जैसे ही अपने ससुराल पहुंचा, तो उसने देखा कि गली की लाइट में उसकी पत्नी जीवनजोत कौर, सास संतोष कुमारी और ससुर ईश्वर सिंह हाथों में डंडे और लाठियां लेकर पहले से ही खड़े थे।
उन्होंने पीड़ित की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और ईंट-पत्थरों व डंडों से हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और पीड़ित पर भी लाठियों से वार किए, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं। इस छीना-झपटी में पीड़ित का मोबाइल फोन भी टूट गया। पीड़ित ने बड़ी मुश्किल से वहां से भागकर अपनी जान बचाई। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने और मारपीट करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।