Edited By VANSH Sharma,Updated: 21 Mar, 2026 07:01 PM

कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने पावन नवरात्रों को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
अमृतसर (रमन/विक्रम): कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने पावन नवरात्रों को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कमिश्नर पुलिस गुरप्रीत सिंह भुल्लर (IPS) के निर्देशों पर शहर के धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया।
आज लोकल पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के कमांडो जवानों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त करते हुए वाहनों की चेकिंग की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाकर बिना कारण घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई और उन्हें वहां से हटाया गया।

पुलिस टीमों ने श्री दुर्गियाना मंदिर और माता लाल देवी मंदिर, मॉडल टाउन में भी सुरक्षा जांच की और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई, ताकि नवरात्रों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गैरकानूनी गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने कहा कि शहर की सुरक्षा के लिए कमिश्नरेट पुलिस 24 घंटे मुस्तैद है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here